₹450
आमतौर पर राम को ईश्वर का अवतार मान कर पूजा जाता है। लोग उन्हें 'मर्यादा पुरुषोत्तम' कहते हैं। इतिहास में मानवता के कल्याण के लिए महान् कार्य करने वाले मनुष्यों के प्रति श्रद्धा और सम्मान स्वाभाविक है, लेकिन धीरे-धीरे भक्तगण उनके नाम पर चमत्कारों की कहानियाँ गढ़ने लगते हैं और बाद में उन्हें ईश्वर का अवतार, पुत्र, दूत या पैगंबर बना देते हैं। राम के साथ भी वही हुआ। कहीं ऐसा तो नहीं कि राम को ईश्वर मान लेने से हम अपने आसपास की बुराइयों को समाप्त करने की जिम्मेदारी उन्हीं पर डालकर स्वयं बचने की कोशिश करने लगते हैं? या फिर यह सोच लेते हैं कि भला हम जैसे सामान्य लोग उनकी तरह चमत्कारी कैसे बन सकते हैं? इसी तरह मर्यादाएँ भी सार्वभौमिक और सार्वकालिक नहीं होतीं, वे तो बदलती रहती हैं। यही कारण है कि महामानव राम के आदर्श और मर्यादा के गुणगान सुनने-पढ़ने में तो बहुत अच्छे प्रतीत होते हैं, लेकिन उनका अनुसरण करना हमारे बस की बात नहीं लगती।
क्या राम की किसी ऐसी अंतर्निहित शक्ति को पहचाना जा सकता है, जो आज की दुनिया में असंभव दैवीय चमत्कारों और अव्यावहारिक तथा अनावश्यक मर्यादाओं से कहीं अधिक उपयोगी और प्रभावशाली हो ? मैं न तो वाल्मीकि रामायण या तुलसीदास की रामचरितमानस का मर्मज्ञ हूँ और न ही राम के प्रति किसी अंधभक्ति या पूर्वग्रह से बँधा हूँ। फिर भी उनके जीवन के बारे में अपने अल्पज्ञान और निजी अनुभवों के आधार पर इस निष्कर्ष पर पहुँचा हूँ कि राम के व्यक्तित्व और कृतित्व का सबसे महत्त्वपूर्ण पहलू उनका 'करुणानायक' होना है। करुणा कोई कोमल भाव या मानवीय गुण नहीं, बल्कि हम सबके भीतर बसी परिवर्तनकारी शक्ति है। राम के विराट् व्यक्तित्व को कथाओं में वर्णित अवतार, मर्यादा पुरुषोत्तम, दीनदयालु और पतितों के उद्धारक की छवियों में सीमित कर देना उचित नहीं। राम के करुणानायक होने की छवि ही उन्हें किसी भी मत, मजहब, देश और समय की सीमा से परे, शाश्वत प्रेरणा का स्त्रोत बना सकती है।
मध्य प्रदेश के विदिशा में 11 जनवरी, 1954 को जनमे कैलाश सत्यार्थी भारत में पैदा होनेवाले पहले नोबेल शांति पुरस्कार विजेता हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय में अध्यापन कार्य भी किया। लेकिन बचपन के प्रति गहरी करुणा के कारण उन्होंने इंजीनियरिंग की सुविधाजनक नौकरी छोड़कर सन् 1981 से बचपन बचाने की मुहिम शुरू कर दी। देश और दुनिया में बाल दासता जब कोई मुद्दा नहीं था, तब श्री सत्यार्थी ने ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ सहित विश्व के लगभग 150 देशों में सक्रिय ‘ग्लोबल मार्च अगेंस्ट चाइल्ड लेबर’ और ‘ग्लोबल कैंपेन फॉर एजुकेशन’ जैसे संगठनों की स्थापना की। वे विश्व में उत्पादों के बालश्रम रहित होने के प्रमाणीकरण व लेबल लगाने की विधि ‘गुडवीव’ के जनक हैं। उन्हें देश के लगभग 85 हजार बच्चों को आधुनिक दासता से मुक्त कराने का ही नहीं, बल्कि बाल दासता तथा शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बनाने का भी श्रेय जाता है। इसके लिए उन पर और उनके परिवार पर अनेक बार प्राणघातक हमले भी हुए हैं।
श्री सत्यार्थी पहले ऐसे भारतीय हैं, जिन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के अलावा डिफेंडर फॉर डेमोक्रेसी, इटैलियन सीनेट मेडल, रॉबर्ट एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार सम्मान, फेड्रिक एबर्ट मानव अधिकार पुरस्कार और हार्वर्ड ह्यूमेनेटेरियन सम्मान जैसे कई विश्व प्रसिद्ध पुरस्कार मिल चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले श्री सत्यार्थी को आधुनिक समय में मानव दासता के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले दुनिया के सबसे बड़े योद्धाओं में गिना जाता है।