₹500
"मैंने महाभारत कितनी ही बार पढ़ी थी और लगता था कि द्रौपदी के नज़रिए से भी कोई बात कही जानी चाहिए, इसी एक ख़याल को कई सालों तक मैंने एक सशक्त विचार के रूप में पाला-पोसा और वो 'व्यथा कहे पांचाली' की शक्ल में आप लोगों तक पहुँचा और फिर शबरी के दृष्टिकोण से 'मैं शबरी हूँ राम की' को भी लगभग दो साल लगे आप सभी तक पहुँचने में। इन दोनों महाकाव्यों की यात्रा में हमेशा कुछ मिसरे ऐसे होते जाते थे जिन्हें मैं इन महाकाव्य में शामिल नहीं कर सकती थी, सो उन्हें कहीं अलग लिखती गई। कुछ साल पहले जब मैंने उन सभी मिसरों को इकट्ठा किया तो देखा, वो ग़ज़ल की शक्ल में मेरे सामने मौजूद हैं।
जब मैंने ग़ज़ल के दरवाजे पर दस्तक दी तो न सिर्फ ग़ज़ल ने दरवाजा खोल बल्कि बाँहें फैलाकर मुझे अपने आगोश में भी भर लिया। मैं ये बात पूरी ईमानदारी से कह सकती हूँ कि मेरी तन्हाई, मेरे अंदर के ख़ालीपन को ग़ज़ल ने न सिर्फ जुबान दी, बल्कि एक हद तक उसे दूर भी किया। मेरे ये ख़याल अब 'ख़ुशबू तेरे ख़याल की' पुस्तक रूप में आपके सामने है। उम्मीद करती हूँ, पूर्व पुस्तकों की भाँति सुधी पाठकों का इसे भी भरपूर प्यार और सराहना मिलेगी।"
डॉ. उर्वशी अग्रवाल 'उर्वी'—शब्द ही ब्रह्मांड है और ब्रह्मांड ही शब्द है। यदि ब्रह्मांड न होता तो शब्द न होता और यदि शब्द न होता तो संभवतः यह ब्रह्मांड भी न होता। आदिकाल से ही शब्द का एक विशेष महत्त्व है और मैंने एक कवि रूप में शब्दों के इसी महत्त्व को समझा और पाया कि सही शब्दों के चयन से और व भी पद्य रूप में अधिक प्रभाव डालता है और बस यहीं से मेरी काव्ययात्रा प्रारंभ हुई, जो निरंतर अविरल चल रही है।
गत कुछ वर्षों में सृष्टि के आशीर्वाद से कविता के साथ-साथ गीत-गजल, दोहा-चौपाई की विधा पर लिखना शुरू किया। महिला विषयों, विशेषकर उनकी विभिन्न भावनाओं को कविताओं, गजलों, दोहों और चौपाइयों के माध्यम से प्रस्तुत करती आ रही हूँ। हिंदी के अतिरिक्त सरैकी भाषा में भी काव्य सृजन। आकाशवाणी द्वारा आयोजित हिंदी व सरैकी के कई काव्य प्रसारणों व कविता पाठ में सम्मिलित हुई हूँ। अनेक टी.वी. चैनलों के कार्यक्रमों में कविताएँ व गजलें प्रस्तुत की हैं। अब तक लगभग एक हजार से अधिक हिंदी कविताओं व पच्चीस सौ से अधिक दोहों का सृजन ।
लड़कियों व महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अपनी 'हर नारी की अंतर्वेदना मे तो' कविता के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों आदि में कार्यशालाओं में प्रस्तुति की है, जो काफी चर्चित रही है और जिनकी लगातार माँग रहती है।
प्रकाशित कृतियाँ : व्यथा कहे पांचाली, मैं शबरी हूँ राम की, अंतर्मन की पाती : सुनो ना ! हँसली चाँद की, यादों की कंदील, सारा कमाल उसका है, खुशबू तेरे खयाल की।
आगामी पुस्तकें : हर नारी की अंतर्वेदना : मी टू, बेटी तू दुर्गा बन जाना, मैंने कहा''' उसने कहा''', पाँच गजल-संग्रह।
संप्रति : वर्तमान में सुविख्यात हिंदी साहित्यिक पत्रिका 'साहित्य अमृत' की उप-संपादिका हैं।
अध्यक्षा: Defence and Security Alert (DSA) Magazine