₹400
"यात्रा-संस्मरण साहित्य की बड़ी जीवंत विधा है, जिसमें पहाड़ों की गूंज, नदियों की कल-कल और पक्षियों की मीठी चह-चह की तरह जीवन और जीवन-रस छलछलाता नजर आता है। इनमें हमारा समय है तो मानव-आस्था की सुदीर्घ परंपरा भी।
यात्रा-साहित्य, खासकर तीर्थों की यात्रा पर संस्मरण लिखने का मेरा एक ही उद्देश्य है कि हमारी युवा पीढ़ी हमारे पौराणिक, धार्मिक, आध्यात्मिक पवित्र तीर्थस्थलों के प्रति आकर्षित हो। तीर्थ का वर्णन पढ़कर उनमें वहाँ जाने की ललक पैदा हो। उन तीर्थों के प्रति श्रद्धाभाव जाग्रत् हो। उन्हें हमारी पौराणिक थाती पर गर्व महसूस हो। दूसरे, तीर्थाटन के शौकीन यात्रियों को भी, जहाँ भी वे जाना चाहें, वहाँ की सम्यक् जानकारी मिल सके। मेरे ये यात्रा संस्मरण उनके लिए एक प्रसन्न गाइड का काम कर सकें। उनका मार्ग-प्रदर्शन कर सकें।
प्रस्तुत पुस्तक 'आओ, तीर्थयात्रा करें' के यात्रा-संस्मरण की विशेषता है कि ये पाठक के मन को बाँध लेते हैं। पाठक इन्हें पढ़ना शुरू करे तो पूरा पढ़े बिना रह नहीं सकता है। पाठक को लगता है, वह इन्हें पढ़ नहीं रहा, बल्कि चलचित्र की भाँति देख रहा है; लेखक के साथ-साथ यात्रा कर रहा है।
विभिन्न साहित्यिक पत्रिकाओं में पाठकों का अपार प्यार-दुलार पाने के बाद अब ये यात्रा-संस्मरण पुस्तक रूप में पुनः पाठकों के सामने उपस्थित हैं। पत्र-पत्रिकाओं के पाठकों से इतर पाठक-बंधु भी अब इनका रसास्वादन सहजता से कर सकेंगे। पाठकों के हृदय में उतरकर अपना स्थान बना लेने वाले यात्रा-संस्मरणों की एक और रोचक, पठनीय-मननीय पुस्तक ।"
प्रेमपाल शर्मा
जन्म : 5 जुलाई, 1963 को बुलंदशहर (उ.प्र.) के मीरपुर-जरारा गाँव में।
कृतित्व : विश्वप्रसिद्ध वनस्पतिविद् एवं वन्यजीव-विज्ञानी डॉ. रामेश बेदी के सान्निध्य में अनेक वर्षों तक शोध सहायक के रूप में कार्य एवं 'बेदी वनस्पति कोश' (छह खंड) का सफल संपादन। 'सवेरा न्यूज' साप्ताहिक में स्वास्थ्य कॉलम एवं संपादकीय लेखन के साथ-साथ आकाशवाणी (मथुरा व नई दिल्ली) से वार्त्ता आदि प्रसारित; 'टू मीडिया' मासिक द्वारा मेरे व्यक्तित्व-कृतित्व पर विशेषांक प्रकाशित ।
रचना-संसार : 'निबंध, पत्र एवं कहानी लेखन', 'सुबोध हिंदी व्याकरण', 'जीवनोपयोगी जड़ी-बूटियाँ', 'स्वास्थ्य के रखवाले, शाक-सब्जी-मसाले', 'सचित्र जीवनोपयोगी पेड़-पौधे', 'संक्षिप्त रामायण', 'स्वस्थ कैसे रहें?', 'स्वदेशी चिकित्सा सार', 'घर का डॉक्टर', 'शुद्ध अन्न, स्वस्थ तन', 'नगरी-नगरी, द्वारे-द्वारे' (यात्रा-संस्मरण); 'हिंदी काव्य धारा' (संपादन ।
पुरस्कार-सम्मान : श्रीनाथद्वारा की अग्रणी संस्था साहित्य मंडल द्वारा 'संपादक- रत्न' एवं 'हिंदी साहित्य-मनीषी' की मानद उपाधि।
संप्रति : आयुर्वेद पर शोध एवं स्वतंत्र लेखन ।