Prabhat Prakashan, one of the leading publishing houses in India eBooks | Careers | Events | Publish With Us | Dealers | Download Catalogues
Helpline: +91-7827007777

Vijay Goyal

Vijay Goyal

विजय गोयल
शिक्षा : एमकॉम, एलएलबी (श्रीराम कालेज ऑफ कामर्स, दिल्ली), डीलिट् (मानद), गुरुकुल काँगड़ी विश्वविद्यालय।
विजय गोयल से मेरा संबंध 40 वर्षों से ज्यादा का है। 1972 के श्रीराम कॉलेज के छात्र यूनियन से लेकर केंद्र सरकार के 2018 के मंत्रिमंडल तक हम साथ-साथ काम करते आ रहे हैं। वे केवल पद पर बैठे नेता नहीं, बल्कि आम जनता के नेता हैं। 
श्री गोयल चार बार के सांसद और एनडीए की सरकार में दूसरी बार मंत्री हैं। तमाम व्यस्तताओं के होते हुए भी वह लिखने के लिए समय निकाल लेते हैं। उनकी पुस्तक ‘बेबाक बात’ उन चुनिंदा लेखों का संग्रह है जो राजनीति और समाजसेवा से आगे उनके अंदर के संवेदनशील लेखक के एक नए पहलू को सामने लाती है। उनकी लेखनी की खासियत है कि वे जैसा महसूस करते हैं, वैसा लिखते हैं। आम पाठक की भाषा में अपने इर्द-गिर्द की घटनाओं पर नई दृष्टि उन्हें अपने पाठकों से जोड़े रखती है। गोयल अकसर नए और अनछुए विषयों पर लिखते हैं। उनके लेख समाज में नए सवाल भी पैदा करते हैं और उनके जवाब भी तलाशते हैं। 
जोखिमों की परवाह किए बिना सबसे हटकर काम करना श्री गोयल की सबसे बड़ी खासियत है। उनकी कलम ने शिक्षा, कला, संगीत, संस्कृति, खेल, हैरिटेज और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों को गहराई से छुआ है। राजनीतिक जीवन के साथ-साथ उनका सामाजिक जीवन भी कई उपलब्धियों का गवाह है। पूरे देश में लॉटरी पर प्रतिबंध, चाँदनी चौक की विरासत को प्रस्तुत करते और लाखों दर्शकों को खींचने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘चौदहवीं का चाँद’ का आयोजन और चाँदनी चौक की पुरानी हवेली ‘हवेली धर्मपुरा’ का जीर्णोद्धार कर उसे पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनाना इसकी कुछ मिसालें हैं। अपनी यात्राओं के दौरान वे हर शहर की विरासतों में गहरी रुचि लेते हैं। साथ ही अपनी संस्था ‘हैरिटेज इंडिया फाउंडेशन’ के माध्यम से विरासत के संरक्षण में लगे हुए हैं। 
चाँदनी चौक की संस्कृति, हैरिटेज और विरासत पर उनके द्वारा लिखित ‘दिल्ली : द एम्परर सिटी’ पुरानी दिल्ली के अनजाने पहलुओं को सामने लाने वाली अपनी तरह की इकलौती कॉफी टेबल पुस्तक है। ‘बचपन के खेल, खान-पान एवं रहन सहन’ उनकी दूसरी प्रकाशित पुस्तक है। श्री गोयल के लेख नवभारत टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, पंजाब केसरी, जनसत्ता और राष्ट्रीय सहारा जैसे देश के बड़े अखबारों और पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते हैं। प्रस्तुत पुस्तक उनके ऐसे ही चुनिंदा लेखों का संग्रह है।
(अरुण जेटली)

 

Books by Vijay Goyal