Prabhat Prakashan, one of the leading publishing houses in India eBooks | Careers | Events | Publish With Us | Dealers | Download Catalogues
Helpline: +91-7827007777

Rajaneesh Kumar Shukla

Rajaneesh Kumar Shukla

दर्शन जगत् में अपनी विशिष्ट लेखन-संवाद शैली, इतिहासबोध तथा सांस्कृतिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध आचार्य रजनीश कुमार शुक्ल वर्तमान में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। 25 नवंबर, 1966 को भगवान् बुद्ध की निर्वाण स्थली कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) में जनमे आचार्य शुक्ल का अध्ययन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ व काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हुआ। सन् 1991 से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में तुलनात्मक धर्म एवं दर्शन विभाग के आचार्य हैं।

आचार्य शुक्ल की भारतीय धर्म-दर्शन में गहरी रुचि है। वह संस्कृति-दर्शन, भाषा-दर्शन, कला-दर्शन, तत्त्व-दर्शन, भारती-विद्या एवं साभ्यतिक-विमर्श के परिपृच्छित अध्येता हैं। इनकी वाणी में भारतीय-संस्कृति एवं जीवन-मूल्यों के दर्शन होते हैं। जहाँ एक ओर वह प्रखर राष्ट्रवादी हैं तो वहीं दूसरी ओर सामाजिक समरसता के प्रबल पक्षधर भी।

सौंदर्यशास्त्र, आलोचना, ललित निबंध आदि विषयों के पारखी आचार्य शुक्ल हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत भाषा में निष्णात हैं। इन्होंने दर्शनशास्त्र सहित मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विषयक कई विधाओं पर प्रभूत लेखन किया है। इन्होंने लगभग दस ग्रंथों का प्रणयन किया है। इनके सौ से अधिक शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं।

आचार्य शुक्ल अखिल भारतीय दर्शन परिषद् द्वारा प्रकाशित शोध-पत्रिका ‘दार्शनिक त्रैमासिक’ के प्रधान संपादक रहे हैं। साथ ही, जर्नल ऑफ इंडियन काउंसिल ऑफ फिलासॉफिकल रिसर्च (JICPR) और भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद् की पत्रिका ‘हिस्टॉरिकल रिव्यू’ के कार्यकारी संपादक भी रह चुके हैं। इनके लेख प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाचार-पत्रों में प्रकाशित होते हैं। अकादमिक गतिविधियों से इनकी सतत् सक्रियता रहती है।

वर्तमान में वह देश की विभिन्न संस्थाओं में महत्त्वपूर्ण पदों पर शोभायमान हैं—भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद् (ICCR), राजा राममोहन रॉय लाइब्रेरी फाउंडेशन, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास तथा राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (NCERT) के सदस्य हैं, अखिल भारतीय दर्शन परिषद् के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। साथ ही वे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय और गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद् के सदस्य हैं। प्रो. शुक्ल भारतीय दर्शन अनुसंधान परिषद् (ICPR) तथा भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद् (ICHR) के सदस्य सचिव रहे हैं।

दूरभाष : 09415201031, 07752858963

ई-मेल : rshuklavns@gmail.com, rksphilosophy@gmail.com